पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार परीक्षा में शामिल हुए लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। बोर्ड के जारी आंकड़ों के मुताबिक इस साल कुल 91.46 फीसदी छात्र परीक्षा में सफल हुए हैं। पिछले साल की तरह इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा।
बोर्ड के अनुसार छात्राओं का पास प्रतिशत 94.73 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 88.52 फीसदी रहा। वहीं ट्रांसजेंडर छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 फीसदी सफलता हासिल की है।
इतने छात्रों ने दी परीक्षा
इस साल पंजाब बोर्ड 12वीं परीक्षा में कुल 2,65,417 छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 2,42,755 छात्र परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। छात्राओं की बात करें तो 1,25,695 छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 1,19,073 छात्राएं पास हुईं। वहीं 1,39,716 छात्रों में से 1,23,676 छात्र सफल रहे।
इस छात्रा ने किया टॉप
पंजाब बोर्ड 12वीं परीक्षा में इस साल सुखदीप कौर ने पहला स्थान हासिल किया है। रिजल्ट जारी होने के बाद टॉपर सूची को लेकर छात्रों और अभिभावकों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
परीक्षा में शामिल छात्र पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। छात्र ऑनलाइन अपनी डिजिटल मार्कशीट भी डाउनलोड कर सकते हैं। हालांकि मूल मार्कशीट कुछ दिनों बाद संबंधित स्कूलों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
डिजिलॉकर और एसएमएस से भी मिलेगा रिजल्ट
छात्र डिजिलॉकर के जरिए भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके अलावा एसएमएस सेवा की मदद से भी रिजल्ट प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए मोबाइल से PB12<रोल नंबर> लिखकर 5676750 पर भेजना होगा। कुछ ही देर में रिजल्ट मोबाइल पर भेज दिया जाएगा।
फरवरी से अप्रैल के बीच हुई थी परीक्षा
पंजाब बोर्ड 12वीं की परीक्षा इस साल 17 फरवरी से 4 अप्रैल के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद से ही छात्र रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।



