दिल्ली में बढ़ती गर्मी के बीच स्कूली बच्चों और अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। शिक्षा विभाग की ओर से राजधानी के सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। जारी आदेश के मुताबिक 11 मई से 30 जून तक स्कूल बंद रहेंगे। ऐसे में छात्रों को करीब डेढ़ महीने का अवकाश मिलेगा।
हालांकि बोर्ड कक्षाओं के कुछ छात्रों के लिए स्कूल पूरी तरह बंद नहीं रहेंगे। शिक्षा विभाग ने 9वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष सुधारात्मक कक्षाएं चलाने का निर्णय लिया है। ये कक्षाएं 11 मई से शुरू होकर 23 मई तक संचालित की जाएंगी।
बोर्ड छात्रों को मिलेगा अतिरिक्त मार्गदर्शन
इन सुधारात्मक कक्षाओं का मकसद उन छात्रों की पढ़ाई मजबूत करना है जिन्हें कुछ विषयों में अतिरिक्त सहायता की जरूरत है। शिक्षकों द्वारा कठिन विषयों को आसान तरीके से समझाया जाएगा ताकि छात्र आने वाली परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें
सुबह के समय लगेगी विशेष कक्षाएं
शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार विशेष कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित होंगी। वहीं शिक्षकों को सुबह 7:20 बजे से 11 बजे तक स्कूल में मौजूद रहना होगा। हर पीरियड की अवधि एक घंटे तय की गई है।
स्कूल प्रशासन को समय बदलने की छूट
दो शिफ्ट में चलने वाले स्कूलों में इन कक्षाओं का संचालन अलग-अलग विंग में किया जाएगा ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। स्कूल प्रशासन को स्थानीय जरूरत और उपलब्ध शिक्षकों के अनुसार समय में बदलाव करने की भी छूट दी गई है।
अभिभावकों को स्कूल देगा पूरी जानकारी
शिक्षा विभाग ने कहा है कि छात्रों और अभिभावकों को कक्षाओं की जानकारी स्कूल स्तर पर दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य पढ़ाई में कमजोर छात्रों को समय रहते बेहतर तैयारी का मौका देना है।



