By Malay Ojha | Published: 05 November 2026 | 07:48 PM
उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए UP TET 2027 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में बताया है कि अगली शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। शिक्षा मित्रों की याचिका पर सुनवाई के दौरान आयोग ने परीक्षा की प्रस्तावित तारीखों की जानकारी दी।
26 और 27 फरवरी को होगी UP TET 2027 परीक्षा
UPESSC ने हाईकोर्ट को यह भी बताया कि आयोग अब साल में दो बार UP TET आयोजित कराने की योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत फरवरी 2027 की परीक्षा के बाद जुलाई 2027 में भी TET कराने की तैयारी है। इसके बाद दिसंबर 2027 या जनवरी 2028 में अगली परीक्षा आयोजित करने की योजना है।
अब साल में दो बार होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा?
आयोग की इस योजना के लागू होने पर उत्तर प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को साल में दो बार मौका मिल सकेगा। अभी तक प्रदेश में साल 2011 से किसी भी वर्ष दो बार UP TET आयोजित नहीं की गई है। आयोग की योजना CTET की तर्ज पर परीक्षा का नियमित आयोजन करने की है।
NCTE की गाइडलाइंस के आधार पर तैयारी
दरअसल, नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (NCTE) की ओर से साल में दो बार शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित करने से संबंधित गाइडलाइंस जारी की गई हैं। UPESSC इन्हीं दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा का आयोजन करने की योजना बना रहा है। हालांकि, फरवरी के बाद होने वाली परीक्षाओं की तारीखों को लेकर आयोग की ओर से विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम जारी होना बाकी है।
TGT भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए भी अहम होगी फरवरी की परीक्षा
UP TET 2027 की फरवरी में होने वाली परीक्षा उन अभ्यर्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण है, जो उत्तर प्रदेश में TGT भर्ती 2026 के लिए आवेदन कर रहे हैं। UPESSC ने इस भर्ती में नॉन-TET अभ्यर्थियों को कुछ शर्तों के साथ आवेदन करने और भर्ती परीक्षा में शामिल होने की छूट दी है।
हालांकि, इस छूट का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए 30 जून 2027 तक TET पास करना अनिवार्य है। ऐसे में फरवरी 2027 में प्रस्तावित UP TET उनके लिए पात्रता की शर्त पूरी करने का महत्वपूर्ण मौका होगा।
शिक्षा मित्रों को TET पास करने के लिए मिलेंगे छह मौके
शिक्षा मित्रों को लेकर भी UP TET के संदर्भ में महत्वपूर्ण न्यायिक फैसला सामने आया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शिक्षा मित्रों को शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने के लिए छह अवसर देने का निर्देश दिया है। इसके तहत शिक्षा मित्रों को वर्ष 2026, 2027 और 2028 के दौरान परीक्षा में शामिल होने के मौके दिए जाने हैं।
इस फैसले से उन शिक्षा मित्रों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने के लिए अतिरिक्त अवसरों की जरूरत है। ऐसे में फरवरी 2027 की UP TET परीक्षा शिक्षा मित्रों के साथ-साथ शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अन्य अभ्यर्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण रहने वाली है।



