By Malay Ojha | Published: 29 September 2026 | 08:27 PM
दिल्ली जल बोर्ड ने Young Aqua Leaders Internship Program 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पानी की सप्लाई, वेस्टवाटर मैनेजमेंट और सीवेज ट्रीटमेंट सिस्टम को करीब से समझने के इच्छुक छात्रों और युवाओं के लिए यह इंटर्नशिप छह महीने की होगी। आवेदन करने की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर 2026 रखी गई है।
इस इंटर्नशिप के एक साइकिल में कुल 40 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को दिल्ली में जल प्रबंधन और वेस्टवाटर से जुड़े काम को प्रैक्टिकल तरीके से समझने का अवसर मिलेगा। इंटर्नशिप के दौरान दिल्ली जल बोर्ड के कामकाज और वाटर मैनेजमेंट सिस्टम की जानकारी दी जाएगी।
ग्रेजुएट और PG उम्मीदवारों को स्टाइपेंड
ग्रेजुएशन और पोस्टग्रेजुएशन पूरा कर चुके चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 15,000 रुपये तक का स्टाइपेंड मिलेगा। छह महीने की अवधि में यह रकम 90 हजार रुपये तक हो सकती है। हालांकि, फाइनल ईयर के UG छात्रों के लिए स्टाइपेंड का प्रावधान नहीं है।
कौन कर सकता है आवेदन?
मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी, कॉलेज, संस्थान या टेक्निकल एजुकेशन इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाले छात्र आवेदन कर सकते हैं। UG छात्र अपने फाइनल ईयर में होने चाहिए। ग्रेजुएशन पूरा कर चुके उम्मीदवारों की डिग्री आवेदन की तारीख से पिछले दो वर्षों के भीतर की होनी चाहिए। यही शर्त पिछले दो वर्षों में मास्टर्स डिग्री पूरी करने वाले उम्मीदवारों पर भी लागू होगी। आवेदक की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी जरूरी है।
दो सेशन में होती है इंटर्नशिप
दिल्ली जल बोर्ड हर साल दो सेशन में यह इंटर्नशिप आयोजित करता है। पहला सेशन अक्टूबर से मार्च और दूसरा अप्रैल से सितंबर तक चलता है। उम्मीदवारों का चयन उनके एकेडमिक रिकॉर्ड, Statement of Purpose और संबंधित विषय में इंटर्नशिप की उपयोगिता जैसे आधार पर किया जाएगा।
सर्टिफिकेट के साथ अवॉर्ड का भी मौका
इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने वाले उम्मीदवारों को सर्टिफिकेट दिया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले इंटर्न को कमेटी की ओर से Best Intern Award भी दिया जा सकता है। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन और विस्तृत जानकारी के लिए दिल्ली जल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।



