पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे लाखों विद्यार्थियों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। इस साल बोर्ड परीक्षा में कुल 91.23 फीसदी विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं।
इस बार परीक्षा में आदृतो सरकार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में 496 अंक हासिल किए हैं। इसी के साथ उन्होंने 99.2 फीसदी अंकों के साथ पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं मालदा के अनुभव बिस्वास और सौम्यो पाल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे हैं।
टॉप-5 में कई छात्रों ने बनाई जगह
बोर्ड की ओर से जारी मेरिट सूची के अनुसार चार विद्यार्थियों ने 98.71 फीसदी अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पांचवां स्थान प्राप्त किया है। इनमें सिंगचन नंदी, चौधरी मोहम्मद आसिम, इंद्रजीत घोष और सौमित्र करण का नाम शामिल है।
छात्राओं का प्रदर्शन फिर रहा बेहतर
इस साल भी छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। परिषद के आंकड़ों के मुताबिक छात्राओं का पास प्रतिशत 91.79 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 89.71 फीसदी रहा। लगातार बेहतर प्रदर्शन से छात्राओं ने एक बार फिर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
जिला वाइज प्रदर्शन में उत्तर मेदिनीपुर सबसे आगे
जिलों के प्रदर्शन की बात करें तो उत्तर मेदिनीपुर सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला जिला बनकर सामने आया है। यहां कुल पास प्रतिशत 94.14 फीसदी दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक है।
टॉप-10 में 64 विद्यार्थियों ने बनाई जगह
इस बार बोर्ड की टॉप-10 मेरिट सूची में कुल 64 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। इनमें 56 लड़के और 8 लड़कियां शामिल हैं। खास बात यह रही कि महानगर कोलकाता के चार विद्यार्थियों ने भी टॉप-10 में अपनी जगह बनाने में सफलता हासिल की है।



