By Malay Ojha | Published: 12 November 2026 | 10:20 PM
देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में शामिल IIT खड़गपुर अब मेडिकल की पढ़ाई के क्षेत्र में भी कदम रखने जा रहा है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने संस्थान के मेडिकल पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) प्रोग्राम को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद IIT खड़गपुर देश का पहला IIT बन गया है, जहां मेडिकल PG कोर्स शुरू होने जा रहा है।
20 सीटों के साथ शुरू हो सकता है MD कोर्स
IIT खड़गपुर में मेडिकल की पढ़ाई के लिए पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD) कोर्स शुरू करने की तैयारी है। शुरुआती चरण में इस कोर्स में 20 सीटें रखे जाने का प्रस्ताव है। दाखिले के लिए NEET PG स्कोर को आधार बनाया जाएगा। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है कि एडमिशन प्रक्रिया मौजूदा शैक्षणिक सत्र से शुरू होगी या अगले सत्र से।
छह महीने से मंजूरी का इंतजार कर रहा था संस्थान
IIT खड़गपुर ने मेडिकल PG प्रोग्राम शुरू करने की योजना पर काम करते हुए मार्च 2026 में इसका प्रस्ताव तैयार किया था। इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय और नेशनल मेडिकल कमीशन के पास भेजा गया था। पिछले करीब छह महीने से संस्थान इस प्रस्ताव पर अंतिम मंजूरी का इंतजार कर रहा था। नवंबर में NMC की स्वीकृति मिलने के बाद मेडिकल कोर्स शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
20 डॉक्टरों की पहले ही हो चुकी है नियुक्ति
IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती पहले ही इस योजना को लेकर संस्थान की तैयारियों की जानकारी दे चुके हैं। उनके मुताबिक, MD प्रोग्राम में छात्रों को पढ़ाने के लिए 20 डॉक्टरों की नियुक्ति की जा चुकी है। उन्होंने बताया था कि 23 सितंबर 2025 को संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सामने इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा गया था। वहां से प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद इसे स्वास्थ्य मंत्रालय के पास भेजा गया था।
दो अस्पतालों में मिलेगी मेडिकल ट्रेनिंग
IIT खड़गपुर में दाखिला लेने वाले मेडिकल छात्रों को सिर्फ क्लासरूम तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उन्हें डॉ. बीसी रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में ट्रेनिंग देने की योजना है। यहां छात्रों को मरीजों के इलाज, मेडिकल रिसर्च और अस्पताल से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी हासिल करने का मौका मिलेगा।
220 बेड का अस्पताल बनाने की तैयारी
मेडिकल PG प्रोग्राम के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार करना भी IIT खड़गपुर की योजना का हिस्सा है। इसके तहत श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का विस्तार किया जाना है। संस्थान की योजना इसे 220 बिस्तरों वाले मिशन-मोड IPD अस्पताल के रूप में विकसित करने की है। इससे मेडिकल छात्रों को ट्रेनिंग के साथ मरीजों के इलाज और क्लिनिकल अनुभव के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इंजीनियरिंग के साथ मेडिकल एजुकेशन में भी बढ़ेगा IIT का दायरा
IIT खड़गपुर की यह पहल तकनीकी शिक्षा और मेडिकल साइंस के बीच सहयोग की नई संभावनाएं खोल सकती है। मेडिकल रिसर्च, आधुनिक तकनीक और इलाज की नई पद्धतियों पर एक साथ काम करने का अवसर भी मिलेगा। अब सबकी नजर इस बात पर है कि संस्थान में MD कोर्स का पहला बैच कब शुरू होगा और एडमिशन की आधिकारिक प्रक्रिया कब जारी की जाएगी।



