By Malay Ojha | Published: 12 November 2026 | 10:44 PM
उत्तर प्रदेश के सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बेसिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा और मूल्यांकन का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, प्रदेश के सभी संबंधित स्कूलों में 17 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक अर्धवार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा, जानें समय
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के सचिव की ओर से इस संबंध में सभी जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक चलेगी।
परीक्षा को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और विकासखंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रश्न पत्रों के वितरण से लेकर परीक्षा की गोपनीयता और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन तक की व्यवस्था पर निगरानी रखी जाएगी।
कक्षा के हिसाब से तय हुआ मूल्यांकन का तरीका
बेसिक शिक्षा परिषद ने अलग-अलग कक्षाओं के लिए लिखित और मौखिक परीक्षा का वेटेज भी निर्धारित किया है। कक्षा 1 के बच्चों का मूल्यांकन पूरी तरह मौखिक होगा। यह परीक्षा 21 नवंबर को कराई जाएगी।
वहीं, कक्षा 2 और 3 के विद्यार्थियों के लिए लिखित और मौखिक परीक्षा को बराबर महत्व दिया गया है। इनके मूल्यांकन में दोनों का वेटेज 50-50 प्रतिशत रहेगा। कक्षा 4 और 5 के लिए लिखित परीक्षा का वेटेज 70 प्रतिशत और मौखिक परीक्षा का 30 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों का मूल्यांकन पूरी तरह लिखित परीक्षा के आधार पर होगा।
कक्षा 2 का परीक्षा कार्यक्रम
कक्षा 2 के विद्यार्थियों की परीक्षा 17 नवंबर को पहली पाली में गणित विषय से शुरू होगी। 18 नवंबर को दूसरी पाली में अंग्रेजी और 19 नवंबर को पहली पाली में हिंदी की परीक्षा होगी। इसके बाद 21 नवंबर को मौखिक मूल्यांकन कराया जाएगा।
कक्षा 3 का परीक्षा कार्यक्रम
कक्षा 3 के विद्यार्थियों के लिए 17 नवंबर को पहली पाली में गणित और दूसरी पाली में संस्कृत एवं उर्दू की परीक्षा होगी। 18 नवंबर को पहली पाली में हिंदी और दूसरी पाली में अंग्रेजी का पेपर आयोजित किया जाएगा।
19 नवंबर को पहली पाली में सामाजिक विषय और दूसरी पाली में कला एवं संगीत की परीक्षा होगी। 20 नवंबर को पहली पाली में कार्यानुभव और नैतिक शिक्षा का पेपर होगा। 21 नवंबर को मौखिक परीक्षा कराई जाएगी।
कक्षा 4 और 5 का परीक्षा कार्यक्रम
कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों के लिए समान परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। 17 नवंबर को हिंदी के साथ संस्कृत एवं उर्दू की परीक्षा होगी। 18 नवंबर को सामाजिक विषय और अंग्रेजी का पेपर आयोजित किया जाएगा।
19 नवंबर को गणित तथा कला एवं संगीत की परीक्षा होगी। इसके बाद 20 नवंबर को कार्यानुभव और नैतिक शिक्षा का पेपर होगा। जारी कार्यक्रम में 21 नवंबर को सभी विषयों की मुख्य परीक्षा का भी उल्लेख किया गया है।
कक्षा 6 का परीक्षा कार्यक्रम
कक्षा 6 के विद्यार्थियों की परीक्षा 17 नवंबर को पहली पाली में हिंदी और दूसरी पाली में संस्कृत एवं उर्दू के पेपर से शुरू होगी। 18 नवंबर को सामाजिक विषय और अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
19 नवंबर को गणित और कला एवं संगीत का पेपर होगा। 20 नवंबर को पहली पाली में विज्ञान और दूसरी पाली में पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा कराई जाएगी। वहीं, 21 नवंबर को बेसिक क्राफ्ट, कृषि, गृह शिल्प तथा खेल एवं शारीरिक शिक्षा और स्काउटिंग की परीक्षा होगी।
कक्षा 7 और 8 का परीक्षा कार्यक्रम
कक्षा 7 और 8 के विद्यार्थियों के लिए 17 नवंबर को पहली पाली में विज्ञान और दूसरी पाली में संस्कृत एवं उर्दू की परीक्षा होगी। 18 नवंबर को सामाजिक विषय और अंग्रेजी का पेपर आयोजित किया जाएगा।
19 नवंबर को गणित तथा कला एवं संगीत की परीक्षा होगी। 20 नवंबर को पहली पाली में हिंदी और दूसरी पाली में पर्यावरण अध्ययन का पेपर होगा। अंतिम दिन यानी 21 नवंबर को बेसिक क्राफ्ट, कृषि, गृह शिल्प और खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा स्काउटिंग की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
परिषद की ओर से जारी निर्देशों के बाद अब स्कूलों में परीक्षा की तैयारियां शुरू होंगी। विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह है कि वे अपनी कक्षा के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम देखकर तैयारी करें।



