By Malay Ojha | Published: 17 November 2026 | 09:49 AM
अमेरिका में पढ़ाई करने का सपना देख रहे भारतीय छात्रों के लिए नई रिपोर्ट चिंता बढ़ाने वाली है। 2025-26 शैक्षणिक वर्ष में अमेरिका जाने वाले भारतीय छात्रों की कुल संख्या में 6.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा असर ग्रेजुएट कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्रों पर पड़ा है, जिनकी संख्या एक साल में 34.4 प्रतिशत कम हो गई। हालांकि, इसके बावजूद भारत लगातार तीसरे साल अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों का सबसे बड़ा स्रोत देश बना हुआ है।
अमेरिका में 23 हजार से ज्यादा भारतीय छात्र घटे
‘ओपन डोर्स 2026’ रिपोर्ट के मुताबिक, 2025-26 में अमेरिका में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की संख्या घटकर 3,39,435 रह गई। पिछले शैक्षणिक वर्ष में यह आंकड़ा 3,63,019 था। इस तरह एक साल के भीतर 23,584 भारतीय छात्र कम हो गए। वर्ष 2020-21 के बाद यह पहला मौका है, जब अमेरिका में भारतीय छात्रों की कुल संख्या में सालाना गिरावट दर्ज की गई है।
ग्रेजुएट कोर्स में सबसे ज्यादा गिरावट
रिपोर्ट में सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा ग्रेजुएट स्तर पर दाखिले का है। अमेरिका में मास्टर्स और अन्य ग्रेजुएट कोर्स करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 34.4 प्रतिशत घटकर 1,16,609 रह गई। पिछले साल यह संख्या 1,77,892 थी। इससे साफ है कि भारतीय छात्रों के बीच अमेरिका में उच्च शिक्षा के लिए ग्रेजुएट प्रोग्राम का आकर्षण पहले के मुकाबले कम हुआ है।
अंडरग्रेजुएट छात्रों की संख्या में भी आई कमी
अंडरग्रेजुएट यानी स्नातक स्तर पर पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, यहां कमी का आंकड़ा काफी कम है। रिपोर्ट के अनुसार, इस श्रेणी में भारतीय छात्रों की संख्या 1.1 प्रतिशत घटकर 39,711 रह गई।
OPT कार्यक्रम में भारतीय छात्रों की भागीदारी बढ़ी
एक तरफ अमेरिका में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की कुल संख्या कम हुई है, वहीं ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) कार्यक्रम में उनकी भागीदारी बढ़ी है। इस कार्यक्रम के तहत भारतीय छात्रों की संख्या 26.8 प्रतिशत बढ़कर 1,82,201 पहुंच गई। यह अमेरिका में पढ़ रहे कुल भारतीय छात्रों की संख्या के आधे से भी अधिक है। OPT के तहत पात्र अंतरराष्ट्रीय छात्रों को अपनी पढ़ाई से संबंधित क्षेत्र में अमेरिका में अस्थायी रूप से काम करने का अवसर मिलता है।
अमेरिका में विदेशी छात्रों की कुल संख्या भी घटी
भारतीय छात्रों की संख्या में गिरावट का असर केवल भारत तक सीमित नहीं है। अमेरिका के उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों की कुल संख्या भी कम हुई है। 2025-26 में यह आंकड़ा करीब 3 प्रतिशत गिरकर 11,46,163 रह गया। पिछले साल के मुकाबले नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के दाखिले में और बड़ी गिरावट देखने को मिली। नए छात्रों की संख्या 18 प्रतिशत घटकर 2,28,123 रह गई।
मास्टर्स में दाखिले घटे, पीएचडी में बढ़ोतरी
सभी देशों के आंकड़ों को मिलाकर देखें तो अमेरिका में ग्रेजुएट स्तर पर दाखिले 13 प्रतिशत कम हुए हैं। मास्टर्स प्रोग्राम में छात्रों की संख्या में 22 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसके उलट पीएचडी प्रोग्राम में दाखिला लेने वाले छात्रों की संख्या 3 प्रतिशत बढ़ी है। इससे पता चलता है कि अमेरिका में उच्च शिक्षा के अलग-अलग कोर्स में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की दिलचस्पी का रुझान एक जैसा नहीं है।
चीन दूसरे नंबर पर, नौ देशों ने बनाया नया रिकॉर्ड
अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों को भेजने वाले देशों की सूची में चीन दूसरे स्थान पर बना हुआ है। 2025-26 में चीन के 2,54,458 छात्र अमेरिका में पढ़ रहे थे। हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस संख्या में करीब 4 प्रतिशत की कमी आई है।
वहीं, बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान समेत नौ प्रमुख देशों ने अमेरिका में अपने छात्रों की अब तक की सबसे अधिक संख्या दर्ज की है। यानी भारतीय और चीनी छात्रों की संख्या घटने के बावजूद कुछ दूसरे देशों से अमेरिका जाने वाले विद्यार्थियों का आंकड़ा बढ़ा है।
अमेरिका में आगे भी जारी रह सकती है गिरावट
इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन (IIE) के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेसन सिज ने कहा कि ‘ओपन डोर्स 2026’ के आंकड़े बताते हैं कि अंतरराष्ट्रीय शिक्षा आज भी अमेरिका के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
हालांकि, आने वाले समय को लेकर भी रिपोर्ट में कुछ चिंताजनक संकेत मिले हैं। 2026 के शरदकालीन प्रवेश सत्र को लेकर किए गए शुरुआती सर्वेक्षण में शामिल संस्थानों में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की कुल संख्या 9 प्रतिशत कम रही। वहीं, नए दाखिलों में 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
सर्वेक्षण में ग्रेजुएट छात्रों की संख्या 15 प्रतिशत कम पाई गई, जबकि सभी देशों को मिलाकर OPT कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों की संख्या में भी 6 प्रतिशत की कमी आई। इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की संख्या में गिरावट का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।



