बिहार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने विशेष सहायक पुलिस के बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान की घोषणा की है। राज्य में 15,821 पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस बार भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल से सेवानिवृत्त जवानों को भी आवेदन का मौका दिया गया है।
अब तक इस भर्ती में केवल पूर्व सैनिक शामिल हो सकते थे, लेकिन नई व्यवस्था के तहत सीएपीएफ से रिटायर्ड जवान भी आवेदन कर सकेंगे। इससे भर्ती प्रक्रिया में अनुभवी जवानों की भागीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
जून में आयोजित होगी भर्ती रैली
भर्ती प्रक्रिया की जिम्मेदारी दानापुर कैंट स्थित सेना रोजगार कल्याण संगठन को सौंपी गई है। भर्ती रैली 1 जून से 6 जून 2026 तक आयोजित होगी। रोजाना सुबह साढ़े छह बजे से शाम चार बजे तक अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रमंडलवार तय किया गया कार्यक्रम
1 जून को पूर्णिया, भागलपुर और दरभंगा प्रमंडल के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 2 जून को कोसी, मुंगेर और सारण प्रमंडल के उम्मीदवार शामिल होंगे। 3 जून को तिरहुत, 4 जून को मगध और 5 व 6 जून को पटना प्रमंडल के जिलों के लिए प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
छूटे अभ्यर्थियों को मिलेगा दूसरा अवसर
पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई उम्मीदवार तय तारीख पर भर्ती रैली में शामिल नहीं हो पाता है तो उसे हर महीने के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाले वॉक-इन इंटरव्यू में भाग लेने का मौका मिलेगा।
भर्ती के लिए जरूरी पात्रता
भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का बिहार का स्थायी निवासी होना जरूरी है। इसके लिए अंचलाधिकारी द्वारा जारी आवासीय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। साथ ही आधुनिक और ऑटोमैटिक हथियार चलाने का अनुभव भी जरूरी रखा गया है।
फिजिकल टेस्ट नहीं, मेडिकल जांच जरूरी
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों की शारीरिक परीक्षा नहीं ली जाएगी। हालांकि मेडिकल जांच अनिवार्य होगी। आपदा प्रबंधन, बम निरोधक कार्य, ड्राइविंग, तैराकी, डाइविंग और मोटरबोट संचालन का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
चयनित जवानों को मिलेगा आकर्षक मानदेय
भर्ती अभियान के तहत 148 जेसीओ, 15,135 एसएपी जवान और 538 रसोइयों की नियुक्ति की जाएगी। जेसीओ को 35 हजार रुपये, एसएपी जवानों को 30 हजार रुपये और रसोइयों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके अलावा वर्दी, यात्रा और अन्य भत्तों की सुविधा भी दी जाएगी।
एक साल के अनुबंध पर होगी नियुक्ति
चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआत में एक साल के अनुबंध पर रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।



