सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। कर्मचारी चयन आयोग ने एसएससी सीजीएल 2026 परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही विभिन्न मंत्रालयों और सरकारी विभागों में ग्रुप बी और ग्रुप सी पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस भर्ती अभियान के तहत करीब 12,256 पदों पर नियुक्तियां होने की संभावना है।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, फिलहाल घोषित रिक्तियां अस्थायी हैं। यानी आने वाले समय में पदों की संख्या बढ़ाई या घटाई भी जा सकती है। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में स्नातक युवा इस परीक्षा में शामिल होंगे।
आवेदन की अंतिम तारीख क्या है
एसएससी के तय कार्यक्रम के मुताबिक उम्मीदवार 22 जून 2026 रात 11 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 23 जून 2026 तय की गई है।
फॉर्म में सुधार का भी मिलेगा मौका
जिन अभ्यर्थियों से आवेदन के दौरान कोई गलती हो जाती है, उन्हें सुधार का अवसर भी दिया जाएगा। आयोग ने 29 जून से 1 जुलाई 2026 तक करेक्शन विंडो खोलने का फैसला किया है। इस दौरान उम्मीदवार अपने आवेदन फॉर्म में जरूरी बदलाव कर सकेंगे।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- सबसे पहले एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर सीजीएल 2026 आवेदन लिंक खोलें।
- यदि पहले रजिस्ट्रेशन नहीं किया है तो वन टाइम रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
- इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी ध्यानपूर्वक भरें।
- फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- फिर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क जमा करें।
- अंत में फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट या डाउनलोड सुरक्षित रख लें।
कब होगी परीक्षा
एसएससी सीजीएल टियर-1 परीक्षा अगस्त और सितंबर 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित परीक्षा मोड में आयोजित की जाएगी। टियर-1 में सफल अभ्यर्थियों को टियर-2 परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। टियर-2 परीक्षा दिसंबर 2026 में कराई जा सकती है।
किन पदों पर मिलती है नौकरी
एसएससी सीजीएल परीक्षा के जरिए केंद्र सरकार के कई प्रतिष्ठित पदों पर भर्ती की जाती है। इनमें असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, इंस्पेक्टर, ऑडिटर, अकाउंटेंट, जूनियर सांख्यिकी अधिकारी समेत कई अहम पद शामिल होते हैं।



