कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित होने वाली एसएससी सीजीएल भर्ती परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 जून तक आवेदन कर सकते हैं। इस बार आयोग ने परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए टियर-1 और टियर-2 दोनों परीक्षाओं में सेक्शनल टाइमिंग लागू कर दी है। माना जा रहा है कि इससे उम्मीदवारों की तैयारी और टाइम मैनेजमेंट की रणनीति पूरी तरह बदल जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत अब परीक्षा में हर विषय के लिए अलग समय निर्धारित रहेगा। निर्धारित समय पूरा होते ही उस सेक्शन की विंडो अपने आप बंद हो जाएगी और अभ्यर्थी अगले सेक्शन में पहुंच जाएंगे। यानी उम्मीदवार चाहकर भी किसी एक विषय में ज्यादा समय नहीं दे सकेंगे।
टियर-1 में होंगे 100 प्रश्न
एसएससी सीजीएल टियर-1 परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी। इसमें जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन से प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सेक्शन में 25 प्रश्न होंगे और हर सेक्शन 50 अंकों का होगा। इस तरह परीक्षा में कुल 100 प्रश्न और 200 अंक निर्धारित किए गए हैं।
हर सेक्शन के लिए मिलेगा केवल 15 मिनट
पूरी परीक्षा के लिए कुल 1 घंटे का समय दिया जाएगा, लेकिन उम्मीदवारों को हर सेक्शन के लिए केवल 15 मिनट ही मिलेंगे। जैसे ही 15 मिनट पूरे होंगे, सिस्टम स्वतः अगले सेक्शन पर पहुंचा देगा। ऐसे में उम्मीदवारों को पहले से रणनीति बनाकर तैयारी करनी होगी।
टियर-2 परीक्षा में भी लागू रहेगा नया नियम
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सेक्शनल टाइमिंग का नियम टियर-2 परीक्षा में भी लागू रहेगा। टियर-2 में पेपर-1, पेपर-2 और पेपर-3 शामिल होंगे, जिन्हें एक ही दिन दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया जाएगा। इसमें भी अलग-अलग सेक्शन के लिए तय समय सीमा लागू रहेगी।
निगेटिव मार्किंग से बढ़ेगी चुनौती
टियर-1 और टियर-2 दोनों परीक्षाओं में निगेटिव मार्किंग का नियम भी लागू रहेगा। ऐसे में उम्मीदवारों को सवालों का जवाब देते समय सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि गलत उत्तर देने पर अंक काटे जाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार परीक्षा में गति और सटीकता दोनों बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली हैं।



