By Malay Ojha | Published: 13 June 2026 | 04:41 PM
दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग ने विदेशी भाषाओं में पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों के लिए बड़ी घोषणा की है। स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग, डिपार्टमेंट ऑफ डिस्टेंस एंड कंटिन्यूइंग एजुकेशन और ओपन लर्निंग डेवलपमेंट सेंटर ने आठ अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में एक वर्षीय सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की अंतिम तारीख 10 जुलाई रात 12 बजे तय की गई है।
इन कोर्सों में जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, इटैलियन, पुर्तगाली, चीनी, जापानी और कोरियाई भाषाएं शामिल हैं। पाठ्यक्रम दिल्ली विश्वविद्यालय के जर्मनिक एंड रोमांस स्टडीज विभाग और ईस्ट एशियन स्टडीज विभाग के सहयोग से संचालित किए जाएंगे।
कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को रोजगार, उच्च शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय अवसरों के लिए नई भाषाई क्षमता प्रदान करना है। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही इन कोर्सों को ऑनलाइन मोड में भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि देशभर के विद्यार्थी इससे जुड़ सकें।
रूसी भाषा भी होगी शामिल
ओपन लर्निंग डेवलपमेंट सेंटर अब अपने अंतरराष्ट्रीय भाषा कार्यक्रम का विस्तार करते हुए रूसी भाषा में भी एक वर्षीय सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स शुरू करने जा रहा है। यह कोर्स दिल्ली विश्वविद्यालय के स्लावोनिक एंड फिनो-उग्रियन स्टडीज विभाग के सहयोग से संचालित होगा। रूसी भाषा का कार्यक्रम क्लासरूम और ऑनलाइन दोनों मोड में उपलब्ध रहेगा।
17 जून से अन्य प्रोफेशनल कोर्सों में दाखिले
कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग के तहत स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग और डिस्टेंस एंड कंटिन्यूइंग एजुकेशन विभाग द्वारा संचालित प्रमुख व्यावसायिक कोर्सों के लिए दाखिले 17 जून 2026 से शुरू होंगे।
प्रमुख कोर्स
- मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए)
- मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (एमएलआईएससी)
- बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (बीएलआईएससी)
- पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन एडवरटाइजिंग एंड डिजिटल मीडिया लीडरशिप (पीजीडीएडीएलएम)
विश्वविद्यालय का कहना है कि इन कार्यक्रमों को लचीली शिक्षा प्रणाली के तहत डिजाइन किया गया है, ताकि नौकरीपेशा, दूरदराज के क्षेत्रों के छात्र और करियर बदलने की तैयारी कर रहे युवा भी उच्च शिक्षा से जुड़ सकें।
कहां करें आवेदन?
इच्छुक अभ्यर्थी योग्यता, फीस, चयन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की पूरी जानकारी दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर देख सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं।



