By Malay Ojha | Published: 06 October 2026 | 05:29 PM
हेल्थकेयर में AI और मशीन लर्निंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच IIT दिल्ली ने AI in Healthcare Executive Program के तीसरे बैच की घोषणा की है। छह महीने का यह ऑनलाइन प्रोग्राम उन प्रोफेशनल्स और रिसर्चर्स के लिए है, जो हेल्थकेयर में AI के इस्तेमाल को समझना चाहते हैं। खास बात यह है कि आवेदन के लिए Coding Expert होना जरूरी नहीं है।
IIT दिल्ली के Continuing Education Programme (CEP) के तहत शुरू होने वाला यह प्रोग्राम 12 दिसंबर 2026 से 30 मई 2027 तक चलेगा। इच्छुक उम्मीदवार 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ग्रेजुएशन कर चुके प्रोफेशनल और रिसर्चर इस कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। हेल्थकेयर, डेटा साइंस और बायोलॉजिकल साइंसेज से जुड़े लोगों के लिए यह प्रोग्राम खास तौर पर उपयोगी है। नॉन-टेक्निकल बैकग्राउंड वाले उम्मीदवार भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
वीकेंड पर होंगी लाइव क्लास
वर्किंग प्रोफेशनल्स की सुविधा को देखते हुए लाइव ऑनलाइन क्लास वीकेंड पर होंगी। शनिवार को शाम 6 से 7:30 बजे और रविवार को सुबह 11 से दोपहर 12:30 बजे तक एक्सपर्ट सेशन आयोजित किए जाएंगे।
1.50 लाख रुपये है फीस
प्रोग्राम की फीस 1,50,000 रुपये है। इस पर 18 फीसदी GST अलग से देना होगा। फीस दो बराबर किस्तों में जमा की जा सकती है। प्रत्येक किस्त 75,000 रुपये प्लस GST की होगी।
AI से लेकर Medical Imaging तक पढ़ाई
कोर्स में AI, Machine Learning, Deep Learning और Generative AI के साथ Agentic AI Workflow की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा EMR, मेडिकल इमेजिंग और क्लिनिकल डेटा के इस्तेमाल को भी समझाया जाएगा। प्रतिभागियों को अस्पतालों के वास्तविक सिस्टम में AI मॉडल को सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ लागू करने की जानकारी दी जाएगी।
IIT दिल्ली में होगा दो दिन का Workshop
प्रोग्राम के अंत में IIT दिल्ली कैंपस में दो दिन का वर्कशॉप होगा। प्रतिभागियों को फैकल्टी की गाइडेंस में Capstone Project भी पूरा करना होगा। सफलतापूर्वक प्रोग्राम पूरा करने वालों को IIT दिल्ली CEP की ओर से ई-सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
आवेदन कहां करें?
इच्छुक उम्मीदवार IIT दिल्ली के आधिकारिक पोर्टल या CEP की वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं। हेल्थकेयर और AI के क्षेत्र में काम कर रहे प्रोफेशनल्स के लिए यह प्रोग्राम तकनीकी समझ बढ़ाने का एक विकल्प है।



