By Malay Ojha | Published: 06 October 2026 | 05:43 PM
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नेशनल इनिशिएटिव फॉर टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग (NITTT) जुलाई-अगस्त 2026 परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। बैच-13 की परीक्षा में शामिल 9,848 उम्मीदवार अब अपना स्कोरकार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। रिजल्ट NITTT की आधिकारिक वेबसाइट nittt.nta.ac.in पर उपलब्ध है।
NTA ने NITTT जुलाई-अगस्त 2026 परीक्षा का परिणाम 5 अक्टूबर को घोषित किया। परीक्षा के लिए कुल 10,201 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें 9,848 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा 31 जुलाई, 1 अगस्त, 7 अगस्त और 8 अगस्त को आठ सेशन में हुई थी।
ऐसे डाउनलोड करें NITTT स्कोरकार्ड
उम्मीदवार सबसे पहले NITTT की आधिकारिक वेबसाइट nittt.nta.ac.in पर जाएं। होम पेज पर NITTT जुलाई-अगस्त 2026 रिजल्ट या स्कोरकार्ड से जुड़े लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद लॉगिन पेज पर अपना Application Number और Date of Birth दर्ज करें। जरूरी सिक्योरिटी डिटेल भरकर सबमिट करें। स्क्रीन पर स्कोरकार्ड खुलने के बाद उसे डाउनलोड कर लें और भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।
स्कोरकार्ड में जानकारी जरूर जांचें
स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के बाद उम्मीदवार अपना नाम, परीक्षा से जुड़ी जानकारी और अन्य दर्ज विवरण ध्यान से जांच लें। किसी तरह की गलती मिलने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी गई है। NITTT की वेबसाइट पर आगे की जानकारी और जरूरी अपडेट भी देखे जा सकते हैं।
स्कोरकार्ड को सर्टिफिकेट न समझें
NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा आयोजित कराने, परिणाम तैयार करने और घोषित करने की जिम्मेदारी उसकी है। Module Completion Certificate अलग से NITTT की ओर से जारी किया जाएगा। इसलिए केवल स्कोरकार्ड जारी होने का मतलब मॉड्यूल कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी होना नहीं है। सर्टिफिकेट से जुड़ी जानकारी बाद में NITTT की ओर से दी जाएगी।
नए तकनीकी शिक्षकों की ट्रेनिंग के लिए है NITTT
NITTT, AICTE और शिक्षा मंत्रालय की पहल है। इसका उद्देश्य AICTE से मान्यता प्राप्त तकनीकी संस्थानों में काम कर रहे नए शिक्षकों को ट्रेनिंग देना है। कार्यक्रम में शिक्षकों की पढ़ाने की क्षमता और पेशेवर दक्षता को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाता है। NITTT के अनुसार पहले चरण में आठ मॉड्यूल की ऑनलाइन ट्रेनिंग कराई जाती है।



