By Malay Ojha | Published: 26 June 2026 | 12:14 PM
झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के जरिए स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य और सांख्यिकी विभागों में कुल 326 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की आखिरी तारीख 19 अगस्त 2026 तय की गई है।
आयोग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 20 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक रखी गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए पहले ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
फॉर्म में सुधार का भी मिलेगा मौका
जिन अभ्यर्थियों से आवेदन भरते समय कोई गलती हो जाती है, उन्हें भी राहत दी गई है। आयोग ने 21 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक आवेदन फॉर्म में संशोधन की सुविधा दी है। हालांकि नाम, जन्म तिथि, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। बाकी जानकारियों में उम्मीदवार सुधार कर सकेंगे।
कंप्यूटर आधारित होगी पूरी परीक्षा
इस भर्ती परीक्षा का आयोजन पूरी तरह कंप्यूटर आधारित होगा। आयोग ने साफ किया है कि परीक्षा दो चरणों में कराई जा सकती है, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा शामिल होगी। हालांकि यदि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 50 हजार से कम रहती है, तो प्रारंभिक परीक्षा नहीं कराई जाएगी और सीधे मुख्य परीक्षा आयोजित की जा सकती है।
विशेष परिस्थिति में सीधे मुख्य परीक्षा का फैसला
आयोग को यह अधिकार भी दिया गया है कि जरूरत पड़ने पर वह सीधे मुख्य परीक्षा कराने का निर्णय ले सके। ऐसे में उम्मीदवारों को परीक्षा पैटर्न और आधिकारिक दिशा-निर्देशों पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
परीक्षा में होगी नेगेटिव मार्किंग
इस भर्ती परीक्षा में गलत जवाब देने पर अंक भी कटेंगे। प्रारंभिक परीक्षा में कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। हर सही उत्तर के लिए तीन अंक दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर एक अंक काटा जाएगा। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।
इन विषयों से पूछे जाएंगे सवाल
प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य ज्ञान, झारखंड सामान्य ज्ञान, सामान्य गणित, सामान्य विज्ञान और मानसिक क्षमता से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को तैयारी के दौरान राज्य से जुड़े विषयों और समसामयिक घटनाओं पर विशेष ध्यान देना होगा।
किन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत सबसे ज्यादा 137 पद स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के लिए रखे गए हैं। इसके अलावा बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 62 पद, मात्स्यिकी तकनीकी सहायक के 41 पद, कीट संग्रहकर्ता के 32 पद, कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक के 27 पद और वेटरीनरी सहायक तथा चिकित्सा सहायक के 27 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
झारखंड में लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए यह भर्ती बड़ा अवसर मानी जा रही है। खासकर 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग विभागों में नौकरी पाने का यह सुनहरा मौका है। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले पात्रता, आयु सीमा और अन्य नियमों को ध्यान से पढ़ लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



