By Malay Ojha | Published: 29 September 2026 | 07:55 PM
वाराणसी स्थित सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंशकालिक कार्यक्रम समन्वयक पद पर चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पद के लिए पात्र शिक्षकों से आवेदन मांगे हैं। इच्छुक शिक्षक निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन सूचना जारी होने की तारीख से सात दिनों के भीतर कुलसचिव कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
कुलसचिव राकेश कुमार के अनुसार विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, आवेदन करने वाले शिक्षकों को एनएसएस से जुड़ी निर्धारित योग्यता और अनुभव की शर्तें पूरी करनी होंगी।
तीन साल का NSS अनुभव जरूरी
चयन के लिए शिक्षक के पास विश्वविद्यालय या उससे संबद्ध महाविद्यालय में जरूरी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव होना चाहिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी के रूप में कम से कम तीन वर्ष का अनुभव भी अनिवार्य रखा गया है। अभ्यर्थी के लिए एनएसएस का अभिमुखीकरण प्रशिक्षण प्राप्त होना भी जरूरी है।
50 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए उम्र
विश्वविद्यालय की ओर से तय शर्तों के मुताबिक चयन के समय अभ्यर्थी की उम्र 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया राष्ट्रीय सेवा योजना संशोधित मैनुअल-2006 में दिए गए प्रावधानों के आधार पर पूरी की जाएगी।
वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी
कुलसचिव राकेश कुमार ने पात्र शिक्षकों से तय समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है। पद से जुड़ी विस्तृत योग्यता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है। शिक्षकों को आवेदन करने से पहले सभी शर्तों और निर्धारित समय सीमा की जानकारी ध्यान से देखने की सलाह दी गई है।



