By Malay Ojha | Published: 23 October 2026 | 05:46 PM
आरबीआई में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए साल 2027 का भर्ती कैलेंडर अहम हो सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में ग्रेड B, ग्रेड A, मैनेजर, लीगल ऑफिसर और असिस्टेंट मैनेजर समेत कई पदों पर भर्ती की संभावित समयसीमा सामने आई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कुछ पदों के लिए फरवरी 2027 में नोटिफिकेशन जारी हो सकता है, जबकि ग्रेड A के लिए जुलाई में भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
ऑफिसर्स ग्रेड B (DR) जनरल, DEPR और DSIM के लिए फरवरी 2027 में भर्ती नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना बताई गई है। इन पदों की पहले चरण की परीक्षा अप्रैल में और दूसरे चरण की परीक्षा मई या जून 2027 में हो सकती है। हालांकि, उम्मीदवारों को परीक्षा की तारीखों और आवेदन से जुड़ी पक्की जानकारी के लिए RBI की आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करना होगा।
ग्रेड A के लिए सितंबर में परीक्षा का प्रस्ताव
ग्रेड A (DR) जनरल पद के लिए जुलाई 2027 में नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है। इसके लिए सिंगल स्टेज परीक्षा सितंबर 2027 में प्रस्तावित बताई गई है। इस भर्ती में आवेदन करने की योग्यता, उम्र सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी विस्तृत नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मैनेजर और लीगल ऑफिसर के पदों पर भी मौका
आरबीआई के संभावित कैलेंडर में मैनेजर (टेक्निकल-सिविल), मैनेजर (टेक्निकल-इलेक्ट्रिकल), लीगल ऑफिसर ग्रेड B, असिस्टेंट मैनेजर (प्रोटोकॉल एंड सिक्योरिटी) और असिस्टेंट मैनेजर (राजभाषा) के पद भी शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए फरवरी 2027 में नोटिफिकेशन आने और मार्च-अप्रैल में परीक्षा आयोजित होने की संभावना है।
कितनी वैकेंसी निकलेंगी? अभी इंतजार करना होगा
भर्ती कैलेंडर में पदों की संख्या का जिक्र नहीं है। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन की आखिरी तारीख, फीस और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी संबंधित भर्ती नोटिफिकेशन में जारी की जाएगी। फिलहाल कैलेंडर में दिए गए महीने संभावित हैं। इनमें बदलाव भी हो सकता है।
उम्मीदवार कहां चेक करें भर्ती का अपडेट?
आरबीआई की भर्ती से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के लिए उम्मीदवार RBI Opportunities वेबसाइट पर नजर रखें। आवेदन की तारीख और पात्रता की पुष्टि संबंधित आधिकारिक नोटिफिकेशन से ही करें। कैलेंडर जारी होने का मतलब यह नहीं है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।



