By Malay Ojha | Published: 02 November 2026 | 11:20 PM
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए दिल्ली से बड़ी खबर है। दिल्ली नगर निगम (MCD) अपने जन स्वास्थ्य विभाग में 1066 खाली पदों को भरने की तैयारी कर रहा है। इनमें सबसे ज्यादा 549 पद मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के हैं। यानी 10वीं पास युवाओं के लिए भी सरकारी नौकरी पाने का रास्ता खुल सकता है। इसके अलावा असिस्टेंट मलेरिया इंस्पेक्टर, मलेरिया इंस्पेक्टर और एंटी-मलेरिया अधिकारी के पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
MCD में 1066 पदों पर भर्ती की तैयारी तेज
दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक में जन स्वास्थ्य विभाग के खाली पदों को भरने का प्रस्ताव रखा गया। समिति ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और नियुक्तियों में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का मकसद विभाग में लंबे समय से बनी कर्मचारियों की कमी को दूर करना है।
किस पद पर कितनी होंगी भर्तियां?
प्रस्तावित भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए कुल 1066 रिक्तियां शामिल हैं। इनमें 549 पद मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS), 398 पद असिस्टेंट मलेरिया इंस्पेक्टर, 105 पद मलेरिया इंस्पेक्टर और 14 पद एंटी-मलेरिया अधिकारी के हैं। सबसे अधिक रिक्तियां MTS के लिए रखी गई हैं। ऐसे में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवारों को इन पदों पर भर्ती का इंतजार रहेगा।
10वीं पास युवाओं के लिए भी नौकरी का मौका
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो MTS के पदों के लिए सामान्य तौर पर 10वीं पास होना जरूरी होता है। वहीं असिस्टेंट मलेरिया इंस्पेक्टर और मलेरिया इंस्पेक्टर के पदों के लिए संबंधित शैक्षणिक योग्यता के साथ सैनिटरी इंस्पेक्टर का डिप्लोमा या निर्धारित अनुभव मांगा जा सकता है। एंटी-मलेरिया अधिकारी के पदों के लिए उच्च शैक्षणिक योग्यता की जरूरत हो सकती है। हालांकि, पदवार योग्यता की अंतिम जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कितनी होनी चाहिए उम्र, क्या मिलेगी छूट?
शुरुआती जानकारियों में कुछ पदों के लिए न्यूनतम 18 और अधिकतम 27 वर्ष की आयु सीमा का जिक्र किया जा रहा है। हालांकि, सभी पदों के लिए आयु सीमा समान होगी या अलग-अलग, यह अभी स्पष्ट नहीं है। SC, ST, OBC और अन्य आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के मुताबिक आयु सीमा में छूट मिल सकती है। आवेदन शुल्क, वेतनमान और चयन प्रक्रिया की जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।
अभी आवेदन शुरू नहीं, नोटिफिकेशन का करना होगा इंतजार
1066 पदों को भरने के लिए प्रक्रिया तेज करने के निर्देश जरूर दिए गए हैं, लेकिन फिलहाल आवेदन की तारीख घोषित नहीं हुई है। MCD की ओर से विस्तृत भर्ती विज्ञापन भी जारी नहीं किया गया है। बैठक में यह विकल्प भी रखा गया कि नियमित भर्ती में अधिक समय लगने की स्थिति में जरूरत के अनुसार संविदा या अनुबंध के आधार पर कर्मचारियों की नियुक्ति की जा सकती है।
उम्मीदवारों को सलाह है कि भर्ती से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के लिए दिल्ली नगर निगम की वेबसाइट mcdonline.nic.in पर नजर बनाए रखें। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही आवेदन की तारीख, योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी मिलेगी।
डेंगू-मलेरिया के बढ़ते मामलों के बीच क्यों जरूरी हुई भर्ती?
दरअसल, दिल्ली में डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जन स्वास्थ्य विभाग की अहम भूमिका है। विभाग के कर्मचारी अलग-अलग इलाकों में मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की जांच, एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव, फॉगिंग और जागरूकता अभियान जैसे काम करते हैं।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में दिल्ली में डेंगू के 396 और मलेरिया के 94 मामले सामने आए। इस साल अब तक डेंगू के कुल 993 और मलेरिया के 337 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। ऐसे में विभाग में खाली पदों को भरने की कवायद को मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम से जोड़कर देखा जा रहा है।



