By Malay Ojha | Published: 19 November 2026 | 02:25 PM
पंजाब में PCS भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब राज्य सिविल सेवा (PCS) परीक्षा की चयन प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने मेन्स परीक्षा के घोषित परिणाम और इंटरव्यू की प्रक्रिया को अगली सुनवाई तक रोकने का आदेश दिया है। इस फैसले से 331 पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया फिलहाल अटक गई है।
हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर 2026 को तय की है। ऐसे में अब इस तारीख तक PCS अभ्यर्थियों को इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया से जुड़ी आगे की कार्रवाई का इंतजार करना होगा।
16 दिसंबर तक थमी रहेगी भर्ती प्रक्रिया
पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की ओर से आयोजित PCS परीक्षा के मेन्स का रिजल्ट 4 नवंबर 2026 को जारी किया गया था। इसके आधार पर 331 रिक्त पदों के लिए 751 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। हालांकि, चयन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर हाईकोर्ट में कई याचिकाएं दाखिल की गई थीं। इन पर सुनवाई के बाद अदालत ने फिलहाल पूरी चयन प्रक्रिया पर रोक लगा दी है।
PPSC से मांगा गया भर्ती से जुड़ा रिकॉर्ड
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पंजाब लोक सेवा आयोग से भर्ती प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड और जरूरी दस्तावेज पेश करने को कहा है। इससे पहले आयोग ने अदालत से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा था। इसके बाद सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तारीख तय की गई थी। अब 19 नवंबर को हुई सुनवाई में अदालत ने चयन प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित कर दी है।
एक अभ्यर्थी को मिले एक से ज्यादा रोल नंबर, याचिकाकर्ताओं ने उठाए सवाल
इस पूरे विवाद की जड़ PCS मेन्स परीक्षा के रिजल्ट में कथित अनियमितताओं से जुड़ी है। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि परीक्षा में कुछ अभ्यर्थियों को एक से अधिक रोल नंबर जारी किए गए थे। इसके अलावा चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के शॉर्टलिस्ट होने के पैटर्न पर भी सवाल उठाए गए हैं।
याचिकाकर्ताओं का दावा है कि एक ही परीक्षा हॉल से 10 से 11 अभ्यर्थियों का चयन इंटरव्यू के लिए हुआ, जबकि कुछ परीक्षा केंद्रों से करीब 24 फीसदी अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इतना ही नहीं, रोल नंबर के एक ही क्रम में कई अभ्यर्थियों के चयन को लेकर भी आपत्ति जताई गई है।
अब 16 दिसंबर की सुनवाई पर टिकी PCS अभ्यर्थियों की नजर
हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद पंजाब PCS भर्ती की आगे की प्रक्रिया पर फिलहाल विराम लग गया है। अब अगली सुनवाई में PPSC की ओर से पेश किए जाने वाले रिकॉर्ड और याचिकाकर्ताओं की दलीलों पर अदालत का रुख महत्वपूर्ण होगा। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया पर लगी रोक आगे भी जारी रहेगी या इसमें कोई बदलाव होगा, इसका फैसला अदालत की अगली सुनवाई में होगा।



