By Malay Ojha | Published: 26 May 2026 | 04:48 PM
बिहार पुलिस में स्टेनो सहायक अवर निरीक्षक बनने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. केंद्रीय चयन पर्षद ने भर्ती विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तारीख में बदलाव कर दिया है. पहले यह परीक्षा 21 जून 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन उसी दिन राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा होने की वजह से अब नई तारीख जारी की गई है.
केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से जारी सूचना के अनुसार अब यह परीक्षा 28 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी. परीक्षा एक ही पाली में होगी और कुल 993 पदों के लिए अभ्यर्थी शामिल होंगे.
परीक्षा समय और रिपोर्टिंग टाइम जरूर नोट करें
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच पहुंचना होगा. 11 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगी.
परीक्षा से जुड़े जरूरी समय की जानकारी
- परीक्षा तिथि : 28 जून 2026
- परीक्षा समय : दोपहर 12:00 बजे से 02:00 बजे तक
- रिपोर्टिंग टाइम : सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक
आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
उम्मीदवार केंद्रीय चयन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट से अपना ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे. इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या आवेदन संख्या, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी.
15 जून से मिलेगी परीक्षा केंद्र की जानकारी
15 जून 2026 से उम्मीदवार अपने परीक्षा केंद्र के जिले और परीक्षा तिथि की जानकारी ऑनलाइन देख सकेंगे. इसके लिए लॉगिन विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा.
22 जून से लाइव होगा ई-प्रवेश पत्र लिंक
केंद्रीय चयन पर्षद के अनुसार 22 जून 2026 की रात 12 बजे से ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड करने का लिंक सक्रिय कर दिया जाएगा. यह लिंक 28 जून 2026 की सुबह 11 बजे तक उपलब्ध रहेगा.
तकनीकी दिक्कत होने पर मिलेगा डुप्लीकेट प्रवेश पत्र
अगर किसी तकनीकी समस्या की वजह से अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पाते हैं तो उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. ऐसे उम्मीदवार 26 जून 2026 को केंद्रीय चयन पर्षद के पटना स्थित कार्यालय जाकर डुप्लीकेट ई-प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं.
डुप्लीकेट प्रवेश पत्र के लिए ये दस्तावेज जरूरी
डुप्लीकेट ई-प्रवेश पत्र लेने के लिए उम्मीदवारों को आवेदन पत्र की रसीद की फोटोकॉपी और एक वैध फोटो पहचान पत्र साथ लेकर जाना होगा. पहचान पत्र के तौर पर आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र मान्य रहेगा.



