By Malay Ojha | Published: 16 May 2026 | 06:14 AM
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने कॉन्करेंट ऑडिटर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. यह भर्ती संविदा आधार पर की जाएगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 821 पदों को भरा जाएगा.
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 मई 2026 से शुरू हो चुकी है. उम्मीदवार 11 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर ही स्वीकार किए जाएंगे.
सिर्फ रिटायर्ड अधिकारियों को मिलेगा मौका
भर्ती के लिए जारी पात्रता मानदंड के अनुसार केवल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रिटायर्ड अधिकारी ही इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवारों को पद के अनुसार निर्धारित योग्यता और अनुभव की शर्तें पूरी करनी होंगी.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
सबसे पहले उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक करियर वेबसाइट पर जाएं. वहां भर्ती से जुड़ा आवेदन फॉर्म खोलकर जरूरी जानकारी भरें. आवेदन के दौरान उम्मीदवार को अस्थायी रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड मिलेगा, जिसकी मदद से फॉर्म को दोबारा खोलकर उसमें सुधार किया जा सकेगा. इसके बाद जरूरी दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें और सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें. भविष्य के उपयोग के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रखना जरूरी होगा.
पद के अनुसार मिलेगी आकर्षक सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार हर महीने आकर्षक वेतन दिया जाएगा. एमएमजीएस-III पद के लिए 45 हजार रुपये मासिक वेतन तय किया गया है. वहीं एसएमजीएस-IV के लिए 50 हजार रुपये, एसएमजीएस-V के लिए 65 हजार रुपये और टीईजीएस-VI पद के लिए 80 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे.
बैंकिंग सेक्टर में अनुभवी लोगों के लिए बड़ा अवसर
यह भर्ती खासतौर पर बैंकिंग क्षेत्र में लंबे अनुभव रखने वाले रिटायर्ड अधिकारियों के लिए बड़ा मौका मानी जा रही है. संविदा आधार पर होने वाली इस भर्ती में अनुभवी अधिकारियों को दोबारा बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा.



