By Malay Ojha | Published: 20 May 2026 | 06:41 AM
रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 2026-27 सत्र के लिए एक्ट अप्रेंटिस के 1079 पदों पर भर्ती निकाली है। यह भर्ती नागपुर डिवीजन और मोतीबाग वर्कशॉप के लिए की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 18 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
रेलवे की ओर से 19 मई 2026 को भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया था। उसी दिन से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। उम्मीदवारों को आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही करना होगा। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
एक ही यूनिट चुन सकेंगे उम्मीदवार
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को नागपुर डिवीजन या मोतीबाग वर्कशॉप में से किसी एक यूनिट का चयन करना होगा। रेलवे अधिकारियों ने सलाह दी है कि आवेदन पत्र भरते समय दसवीं और आईटीआई के अंक सही तरीके से दर्ज करें, क्योंकि मेरिट सूची इन्हीं अंकों के आधार पर तैयार होगी।
शैक्षणिक योग्यता क्या है
इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ दसवीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र होना भी अनिवार्य रखा गया है।
उम्र सीमा कितनी तय की गई
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 15 वर्ष और अधिकतम उम्र 24 वर्ष तय की गई है। उम्र की गणना 19 मई 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र सीमा में छूट मिलेगी।
कैसे होगा चयन
रेलवे की ओर से उम्मीदवारों का चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। मेरिट दसवीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों को जोड़कर तैयार की जाएगी। जिन उम्मीदवारों ने दसवीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं, उन्हीं को मेरिट में शामिल किया जाएगा।
बराबर अंक होने पर किसे मिलेगी प्राथमिकता
यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। अगर उम्र भी समान होती है तो जिसने पहले दसवीं पास की होगी, उसे चयन में प्राथमिकता मिलेगी।
एक साल की मिलेगी ट्रेनिंग
चयनित उम्मीदवारों को एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी। यह भर्ती अप्रेंटिस एक्ट 1961 और अप्रेंटिसशिप नियम 1992 के तहत की जाएगी।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे अधिकारियों ने उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करने की सलाह दी है। आखिरी दिनों में तकनीकी समस्या या सर्वर पर दबाव बढ़ने की वजह से आवेदन में परेशानी हो सकती है। इसलिए उम्मीदवार समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।



