केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बारहवीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। रिजल्ट आने के बाद कई छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, जबकि कुछ विद्यार्थी एक या अधिक विषयों में फेल भी हुए हैं। ऐसे छात्रों के लिए बोर्ड ने राहत देते हुए री-चेकिंग और कंपार्टमेंट परीक्षा का विकल्प उपलब्ध कराया है।
सीबीएसई ने साफ किया है कि जिन छात्रों को लगता है कि उनकी कॉपी की जांच सही तरीके से नहीं हुई है, वे पुनर्मूल्यांकन या अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं फेल हुए छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा के जरिए एक और अवसर दिया जाएगा।
15 जुलाई को होगी कंपार्टमेंट परीक्षा
बोर्ड के मुताबिक बारहवीं की कंपार्टमेंट परीक्षा 15 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा एक ही दिन में कराई जाएगी। इसमें वे छात्र शामिल हो सकेंगे जो एक विषय में फेल हुए हैं, कंपार्टमेंट श्रेणी में रखे गए हैं या पिछले बैच के ऐसे छात्र हैं जिनके प्रयास अभी बाकी हैं।
2 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
सीबीएसई ने बताया कि कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए सूची भरने की प्रक्रिया 2 जून 2026 से शुरू होगी। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी। बोर्ड ने छात्रों को समय सीमा के भीतर आवेदन करने की सलाह दी है, क्योंकि अंतिम तारीख निकलने के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऐसे करें कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन
सबसे पहले सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद कंपार्टमेंट परीक्षा सेक्शन खोलें और बारहवीं कंपार्टमेंट परीक्षा 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करें। अब रोल नंबर और स्कूल नंबर जैसी जरूरी जानकारी भरें। इसके बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा शुल्क जमा करें। अंत में आवेदन पत्र और शुल्क रसीद डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।
पुनर्मूल्यांकन के लिए क्या करना होगा
जो छात्र अपने अंकों की दोबारा जांच करवाना चाहते हैं, उन्हें रिजल्ट के बाद की सेवाओं वाले सेक्शन में जाकर लॉगिन करना होगा। इसके बाद छात्र मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिका की प्रति के लिए आवेदन कर सकते हैं। कॉपी देखने के बाद बिना जांचे गए सवालों या गलती वाले हिस्सों को चिन्हित कर पुनर्मूल्यांकन या अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
इस साल घटा पास प्रतिशत
इस बार सीबीएसई बारहवीं परीक्षा का कुल परिणाम पिछले साल की तुलना में थोड़ा कमजोर रहा है। इस साल कुल 85.20 प्रतिशत छात्र परीक्षा में सफल हुए हैं, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 88.39 प्रतिशत था।
लड़कियों ने फिर मारी बाजी
पिछले वर्षों की तरह इस बार भी लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि लड़कों का परिणाम 82.13 फीसदी रहा।
केंद्रीय विद्यालय का प्रदर्शन सबसे बेहतर
स्कूलों के प्रदर्शन की बात करें तो केंद्रीय विद्यालय सबसे आगे रहा। यहां के 98.55 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है, जो सभी स्कूल श्रेणियों में सबसे अधिक है।



