By Malay Ojha | Published: 01 September 2026 | 11:24 AM
सरकारी कंपनी में वरिष्ठ स्तर की नौकरी तलाश रहे अनुभवी प्रोफेशनल्स के लिए अच्छी खबर है। हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) ने 8 लेटरल लेवल एग्जीक्यूटिव पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू किए हैं। इन पदों पर चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने के बाद इंटरव्यू के आधार पर नियुक्ति की जाएगी। आवेदन की आखिरी तारीख 16 सितंबर 2026 शाम 6 बजे है।
HUDCO की इस भर्ती में प्रोजेक्ट्स डिसिप्लिन के 2 और फाइनेंस डिसिप्लिन के 6 पद शामिल हैं। प्रोजेक्ट्स में डिप्टी जनरल मैनेजर (E-5) और असिस्टेंट जनरल मैनेजर (E-4) के पद हैं। वहीं फाइनेंस में डिप्टी जनरल मैनेजर (E-5) और सीनियर मैनेजर (E-3) के पदों पर भर्ती होगी।
इंजीनियरिंग डिग्री वालों के लिए मौका
प्रोजेक्ट्स से जुड़े DGM पद के लिए सिविल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ बैचलर डिग्री जरूरी है। MBA या फाइनेंस में दो साल का PG Diploma अतिरिक्त योग्यता के तौर पर फायदेमंद रहेगा। इस पद के लिए कम से कम 11 साल का संबंधित अनुभव मांगा गया है और अधिकतम उम्र 45 साल है।
Finance वालों के लिए भी वैकेंसी
फाइनेंस डिसिप्लिन के DGM पद के लिए उम्मीदवार के पास CA, CMA या फाइनेंस स्पेशलाइजेशन के साथ दो साल का फुल टाइम MBA/PG Diploma होना चाहिए। MBA/PG Diploma उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। इस पद के लिए 11 साल का अनुभव और अधिकतम 45 साल की उम्र निर्धारित है।
Senior Manager के लिए 5 साल अनुभव
फाइनेंस डिसिप्लिन में Senior Manager (E-3) के 3 पद हैं। इसके लिए अधिकतम उम्र 35 साल और कम से कम 5 साल का पोस्ट-क्वालिफिकेशन अनुभव जरूरी है। HUDCO के अनुसार सरकारी या सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के साथ-साथ शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंक, NBFC और वित्तीय संस्थानों में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उम्र में भी मिलेगी छूट
उम्र और अनुभव की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। SC/ST उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र में 5 साल और OBC-NCL उम्मीदवारों को 3 साल की छूट मिलेगी। भर्ती में योग्यता से जुड़े सभी प्रमाणपत्र मान्यता प्राप्त संस्थान से होने चाहिए।
30.47 लाख तक सालाना CTC
HUDCO के E-5 स्तर पर न्यूनतम बेसिक पे 80,000 रुपये प्रति माह है और अनुमानित सालाना CTC 30.47 लाख रुपये तक है। E-4 स्तर पर अनुमानित CTC 26.66 लाख और E-3 स्तर पर 22.13 लाख रुपये सालाना है। CTC में IDA, HRA, भत्ते, सुपरएनुएशन और Performance Related Pay जैसे घटक शामिल हैं। इसके अलावा मेडिकल, ग्रुप इंश्योरेंस और अन्य सुविधाएं भी मिलती हैं।
Written Exam नहीं, Interview से चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। पहले आवेदन की जांच और शॉर्टलिस्टिंग होगी। इसके बाद चुने गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन पूरी तरह इंटरव्यू में प्रदर्शन के आधार पर होगा। इंटरव्यू में Job Knowledge, काम के अनुभव की गुणवत्ता और Personality को देखा जाएगा। उम्मीदवार हिंदी या अंग्रेजी में इंटरव्यू दे सकते हैं।
16 सितंबर तक करें आवेदन
HUDCO की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अगस्त 2026 से शुरू हुई है। उम्मीदवार 16 सितंबर 2026 शाम 6 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं। UR, EWS और OBC-NCL उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,500 रुपये है, जबकि SC, ST और PwBD उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है।



