By Malay Ojha | Published: 17 May 2026 | 06:27 PM
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई ने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवाओं और इंजीनियरों के लिए नौकरी का बड़ा मौका दिया है. प्राधिकरण ने डिप्टी मैनेजर (टेक्निकल) के 60 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन गेट 2026 के स्कोर के आधार पर किया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. अच्छी सैलरी और केंद्र सरकार के तहत काम करने का मौका मिलने से युवाओं में इस भर्ती को लेकर काफी उत्साह है.
एनएचएआई की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार डिप्टी मैनेजर (टेक्निकल) के कुल 60 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. इनमें सामान्य वर्ग के लिए 26 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 16 पद, अनुसूचित जाति के लिए 9 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 4 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 5 पद आरक्षित किए गए हैं. दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी अलग से सीटें सुरक्षित रखी गई हैं.
गेट स्कोर के आधार पर होगा चयन
इस भर्ती में किसी अलग लिखित परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाएगा. उम्मीदवारों का चयन सिविल इंजीनियरिंग विषय के गेट 2026 स्कोर के आधार पर होगा. ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की हो. अंतिम वर्ष के छात्र भी आवेदन के पात्र होंगे, बशर्ते उनका रिजल्ट निर्धारित तिथि तक जारी हो जाए.
आयु सीमा और सैलरी की जानकारी
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी. चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-10 का वेतनमान मिलेगा. इसमें शुरुआती वेतन 56 हजार 100 रुपये होगा, जो बढ़कर 1 लाख 77 हजार 500 रुपये तक जा सकता है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए भर्ती सेक्शन में जाकर डिप्टी मैनेजर (टेक्निकल) भर्ती 2026 लिंक खोलना होगा. इसके बाद पंजीकरण करके आवेदन फॉर्म भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून 2026 शाम 6 बजे तक तय की गई है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन फॉर्म जमा करने के बाद उसकी प्रति डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें.



