By Malay Ojha | Published: 26 September 2026 | 01:52 PM
CSIR UGC NET June 2026 परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के लिए जरूरी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जॉइंट CSIR-UGC NET जून 2026 के ई-सर्टिफिकेट जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार NTA की आधिकारिक CSIR-UGC NET वेबसाइट पर जाकर अपना सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकते हैं।
NTA के मुताबिक जून 2026 की परीक्षा पांच विषयों में 17 और 18 जुलाई को CBT मोड में आयोजित की गई थी। इसमें कुल 1,87,739 उम्मीदवार शामिल हुए थे। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अब सर्टिफिकेट उपलब्ध करा दिए गए हैं।
तीन कैटेगरी में जारी हुए सर्टिफिकेट
CSIR UGC NET के तहत उम्मीदवारों को उनकी योग्यता के आधार पर अलग-अलग अवसर मिलते हैं। NTA ने तीन कैटेगरी के लिए सर्टिफिकेट जारी किए हैं। पहली कैटेगरी में JRF और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्रता है। दूसरी में असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD में एडमिशन की पात्रता है, जबकि तीसरी कैटेगरी में सिर्फ PhD में एडमिशन के लिए पात्रता दी गई है।
कहां से डाउनलोड करें सर्टिफिकेट?
ई-सर्टिफिकेट डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार CSIR UGC NET की आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर जाएं। वेबसाइट के Candidate Activity सेक्शन में उपलब्ध संबंधित लिंक के जरिए सर्टिफिकेट तक पहुंचा जा सकता है। NTA ने उम्मीदवारों को नवीनतम अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट देखते रहने की सलाह भी दी है।
लॉगिन के बाद सेव कर लें PDF
ई-सर्टिफिकेट के पेज पर मांगी गई जानकारी दर्ज करके लॉगिन करें। सर्टिफिकेट स्क्रीन पर आने के बाद उसे डाउनलोड कर लें और PDF की कॉपी सुरक्षित रख लें। भविष्य में JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर या PhD एडमिशन से जुड़ी प्रक्रिया में इसकी जरूरत पड़ सकती है।
डाउनलोड में दिक्कत हो तो यहां करें संपर्क
अगर किसी उम्मीदवार को ई-सर्टिफिकेट डाउनलोड करने में तकनीकी परेशानी आती है, तो NTA ने csirnet@nta.ac.in और csircertificate@nta.ac.in ईमेल आईडी जारी की हैं। समस्या बताते समय आवेदन या परीक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी देना उपयोगी रहेगा।



